पंजाबी यूनिवर्सिटी कर्मचारी की बेटी बनी भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट
प्रियंका ठाकुर | 24 Ghante News
चंडीगढ़, 29 मई:
पंजाब के लिए गर्व का क्षण तब आया जब माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट (एएफपीआई) फॉर गर्ल्स, मोहाली की पूर्व छात्रा निशा भारती भारतीय नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन प्राप्त कर अधिकारी बनीं। इंडियन नेवल अकादमी, एझीमाला (केरल) में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान उन्हें भारतीय नौसेना की शिक्षा शाखा में शामिल किया गया।
इस भव्य समारोह का निरीक्षण वाइस एडमिरल समीर सक्सेना, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, दक्षिणी नौसैनिक कमान द्वारा किया गया। निशा की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे पंजाब को गौरवान्वित किया है।
निशा भारती के पिता दिनेश चंद्र पंजाबी यूनिवर्सिटी, पटियाला में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं। साधारण परिवार से आने वाली निशा ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता अब प्रदेश की हजारों बेटियों के लिए प्रेरणा बन चुकी है।
पंजाब के रोजगार सृजन, कौशल विकास एवं प्रशिक्षण मंत्री अमन अरोड़ा ने निशा भारती को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि पंजाब की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार युवाओं, विशेषकर लड़कियों को सशस्त्र सेनाओं में आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि पंजाब सरकार ने जुलाई 2023 में माई भागो एएफपीआई में लड़कियों के लिए एनडीए प्रिपरेटरी विंग शुरू किया था। वर्तमान में इस विंग का तीसरा बैच प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है और आने वाले समय में कई और बेटियां सेना, नौसेना और वायुसेना में अधिकारी बनकर देश सेवा करेंगी।
माई भागो इंस्टीट्यूट के निदेशक मेजर जनरल जसबीर सिंह संधू (सेवानिवृत्त) ने भी निशा की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि राज्य सरकार के उन प्रयासों को मजबूती देती है जिनका उद्देश्य लड़कियों को रक्षा सेवाओं में आगे बढ़ाना है।
निशा भारती की सफलता ने यह संदेश दिया है कि मेहनत और समर्पण के बल पर कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।


