Homeपंजाबगुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को लेकर चार शोभायात्राओं के...

गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को लेकर चार शोभायात्राओं के रूट तय, 3 दिसंबर को खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी

गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को लेकर चार शोभायात्राओं के रूट तय, 3 दिसंबर को खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी

चंडीगढ़, 8 अक्टूबर 2026: श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर संस्कृति विभाग के कार्यालय में संत महापुरुषों की मौजूदगी में विशेष बैठक हुई। बैठक में अब तक आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ आगामी समारोहों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। पंजाब के पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने इसकी जानकारी दी।

बैठक में संत गुरदीप गिरी, संत प्रदीप दास, संत केवल और संत सतविंदर सिंह हीरा सहित अन्य संत महापुरुष मौजूद रहे। दीपक बाली ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित 92 ड्रोन शो में से करीब 80 और 12 कीर्तन समागमों में से 9 अब तक पूरे हो चुके हैं। बाकी कार्यक्रम भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी हैं।

चार स्थानों से निकलेंगी शोभायात्राएं

विभाग के डायरेक्टर संजीव तिवारी ने बताया कि चार शोभायात्राएं अलग-अलग स्थानों से शुरू होकर श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेंगी। पहली शोभायात्रा 29 नवंबर को गुरु रविदास जी के जन्मस्थान बनारस काशी से रवाना होगी और 3 दिसंबर की शाम तक श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।

दूसरी शोभायात्रा 2 दिसंबर को बठिंडा से शुरू होगी और विभिन्न शहरों से होते हुए 3 दिसंबर की रात खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी। तीसरी शोभायात्रा 1 दिसंबर को फरीदकोट से रवाना होकर लुधियाना और फगवाड़ा होते हुए 3 दिसंबर की रात पहुंचेगी। चौथी शोभायात्रा जम्मू से शुरू होकर पठानकोट, अमृतसर, जालंधर और होशियारपुर के रास्ते श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी।

4 से 6 दिसंबर तक होंगे मुख्य कार्यक्रम

श्री खुरालगढ़ साहिब में 4, 5 और 6 दिसंबर को मुख्य समारोह आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन अखंड पाठ साहिब का आरंभ और संत सम्मेलन होगा। दूसरे दिन कथा-कीर्तन दरबार, सेमिनार और प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। तीसरे दिन अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ बेगमपुरा समागम होगा।

तीनों दिनों की शाम को गुरु रविदास जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित ड्रोन शो भी आयोजित किए जाएंगे।

संत महापुरुषों ने पंजाब सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों पर संतोष व्यक्त करते हुए संगत से इनमें बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की। दीपक बाली ने कहा कि 650वें प्रकाश पर्व के कार्यक्रम पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ आयोजित करने के लिए सरकार की ओर से सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं।

News written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments