अमृतसर में सीमा पार तस्करी के नेटवर्क का खुलासा
अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की कथित तस्करी से जुड़े एक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला, उसका पति और उसका भाई शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 10.030 किलो हेरोइन, दो असॉल्ट राइफलें, तीन मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार बरामद हथियारों में एक AK-47 और एक AK-56 शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप सिंह, उसकी पत्नी कमलजीत कौर और कमलजीत के भाई बिक्रमजीत सिंह के रूप में हुई है। तीनों अमृतसर ग्रामीण क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक संदीप सिंह के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत चार मामले दर्ज हैं।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपियों के विदेश में बैठे कथित तस्करों से संपर्क सामने आए हैं। पुलिस का आरोप है कि यह नेटवर्क सीमा पार से हथियार और नशीले पदार्थ मंगवाकर पंजाब में आगे सप्लाई करता था। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।
बॉर्डर रेंज के आईजीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस को मिली सूचना के आधार पर थाना घरिंडा की टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने भारत-पाकिस्तान सीमा की कंटीली तार से करीब 500 मीटर दूर गांव मोधे में एक एकड़ अमरूदों का बाग ठेके पर लिया हुआ था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी इस बाग का इस्तेमाल ड्रोन के जरिए सीमा पार से गिराई जाने वाली हथियारों और नशीले पदार्थों की खेपें हासिल करने के लिए करते थे। एसएसपी अमृतसर ग्रामीण कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि संदीप और कमलजीत कथित तौर पर सीमा पार से आने वाली खेपों के संचालन को संभालते थे, जबकि बिक्रमजीत उन्हें उठाने और आगे पहुंचाने में मदद करता था।
इस मामले में थाना घरिंडा, अमृतसर ग्रामीण में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 23 और 29 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 420, दिनांक 25 सितंबर 2026 दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


