मान सरकार का दुकानदारों को दिवाली तोहफा, ‘मेरी दुकान, मेरे नाम’ योजना शुरू
चंडीगढ़, 8 अक्टूबर: दिवाली से पहले पंजाब के लाखों दुकानदारों और छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने ‘मेरी दुकान, मेरे नाम’ योजना शुरू की है। इस योजना के तहत नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के अधीन लंबे समय से किराए या पट्टे पर दुकान चला रहे पात्र दुकानदारों को अपनी दुकान का मालिकाना हक हासिल करने का अवसर मिलेगा।
पंजाब के स्थानीय सरकार मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में योजना की घोषणा करते हुए बताया कि ऐसे दुकानदार जो 1 अप्रैल 2020 से पहले कम से कम 12 वर्षों के वैध कब्जे का प्रमाण दे सकते हैं, वे योजना के तहत आवेदन कर सकेंगे। आवेदन संबंधित नगर निगम, नगर परिषद या नगर पंचायत कार्यालय में 6 नवंबर 2026 तक जमा करवाए जा सकते हैं।
बैंस के मुताबिक आवेदनों की जांच एसडीएम स्तर की समिति करेगी, जबकि दुकानों की कीमत निर्धारित करने का काम डीसी स्तर की समिति द्वारा किया जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव संबंधित स्थानीय निकायों के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।
योजना में आय वर्ग के आधार पर रियायती दरों का प्रावधान किया गया है। 3 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के आवेदकों को कलेक्टर रेट का 12.5 प्रतिशत, 3 से 8 लाख रुपये आय वालों को 25 प्रतिशत और 8 से 15 लाख रुपये आय वालों को 50 प्रतिशत दर का भुगतान करना होगा। वहीं, 15 लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय वाले आवेदकों के लिए कलेक्टर रेट का 100 प्रतिशत लागू होगा। ये रियायती दरें 50 वर्ग मीटर से कम क्षेत्रफल वाली दुकानों के लिए लागू होंगी।
योजना में उप-किरायेदारों को शामिल नहीं किया गया है। इसके अलावा पार्क, सड़क या सार्वजनिक सुविधाओं के लिए निर्धारित स्थानों पर कब्जा करने वालों को भी मालिकाना अधिकार नहीं दिया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि आवेदन प्रक्रिया को सरल रखा गया है। पात्रता साबित करने के लिए आवेदक GST प्रमाणपत्र, बिजली बिल, मतदाता पहचान पत्र सहित अन्य वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं। बैंस ने कहा कि यह योजना छोटे दुकानदारों को कानूनी सुरक्षा और संपत्ति पर मालिकाना हक देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान व्यापारियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था और सरकार इस त्योहारी मौसम में उन्हें सुरक्षा और संपत्ति के अधिकार का तोहफा देना चाहती है। उनके मुताबिक ‘मेरी दुकान, मेरे नाम’ योजना छोटे दुकानदारों की गरिमा और सम्मान को मजबूत करने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।
News written by Priyanka Thakur


