भारत ने थाईलैंड को 7-0 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, दीपिका की हैट्रिक
भोपाल: मध्य प्रदेश विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 में मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए थाईलैंड को 7-0 से करारी शिकस्त दी। रविवार को नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए मुकाबले में भारत ने लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। भारत की इस शानदार जीत में दीपिका ने हैट्रिक लगाई, जबकि नवनीत कौर ने दो गोल किए। मुमताज खान और सुनेलिता टोप्पो ने भी एक-एक गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया।
मैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और थाईलैंड की टीम पर दबाव बनाए रखा। भारतीय टीम को चौथे मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे नवनीत कौर ने गोल में बदलकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 10वें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया। अगले ही मिनट उन्होंने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 3-0 कर दी।
दूसरे क्वार्टर में थाईलैंड ने रक्षात्मक खेल दिखाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा बरकरार रहा। 28वें मिनट में मुमताज खान ने शानदार नियंत्रण और बेहतरीन फिनिशिंग के साथ गोल दागकर भारत को 4-0 से आगे कर दिया। हाफ टाइम तक भारतीय टीम इसी बढ़त पर कायम रही।
तीसरे क्वार्टर में भी भारत ने अपना आक्रामक अंदाज जारी रखा। 32वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 5-0 कर दिया। वहीं भारतीय डिफेंस ने थाईलैंड के हमलों को नाकाम करते हुए अपनी बढ़त बरकरार रखी।
आखिरी क्वार्टर में दीपिका ने 56वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके बाद नवनीत कौर ने दूसरा पेनल्टी स्ट्रोक गोल में बदलते हुए भारत की जीत 7-0 से सुनिश्चित कर दी।
इस जीत के साथ भारत तीन मैचों में नौ अंक हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। भारत का गोल अंतर +11 है, जबकि जापान भी नौ अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। जापान का गोल अंतर +6 है। दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं।
दिन के अन्य मुकाबलों में जापान ने चीन को 3-1 और मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया। भारतीय टीम अब 24 नवंबर को चीन के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगी। सोमवार को टूर्नामेंट में विश्राम रहेगा।
News written by Priyanka Thakur


