26 नवंबर को गांव मटवानी में होगी आम आदमी पार्टी की विशाल रैली, सरकार के साढ़े चार साल के कामकाज और उपलब्धियां जनता के सामने रखे जाएंगे
चंडीगढ़/मोगा, 22 नवंबर 2026। पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी 26 नवंबर को मोगा के गांव मटवानी में विशाल महारैली के जरिए चुनावी अभियान का बिगुल फूंकेगी। इस रैली में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान अभियान की शुरुआत करेंगे। रविवार को AAP नेताओं ने रैली स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
इस दौरान राजासांसी से AAP उम्मीदवार सोनिया मान और विधायक दविंदरजीत सिंह लाडी ढोस ने पंजाब के लोगों से बड़ी संख्या में रैली में पहुंचने की अपील की। उन्होंने बताया कि रैली में प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। गांव मटवानी में करीब 116 एकड़ जमीन पर रैली के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। लोगों की सुविधा के लिए बड़े मंच और डबल पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सोनिया मान ने कहा कि रैली में मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार के पिछले साढ़े चार साल के जनहितैषी कामों और उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने रोड सेफ्टी फोर्स, आम आदमी क्लीनिक, हेल्थ कार्ड और मुफ्त बिजली जैसी योजनाओं के माध्यम से आम परिवारों को राहत दी है। 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा, महिलाओं को 1,000 से 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता और किसानों को दिन के समय बिजली तथा नहरी पानी उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया गया है।
पंजाब में गैंगस्टरवाद के मुद्दे पर सोनिया मान ने पिछली सरकारों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में गैंगस्टर नेटवर्क मजबूत हुआ। मौजूदा सरकार इस बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाते हुए पूछा कि केंद्र में सत्ता में होने के बावजूद पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाने के लिए पर्याप्त कदम क्यों नहीं उठाए गए।
उन्होंने ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ जिला स्तर से लेकर गांवों तक टीमें गठित की गई हैं, ताकि इस समस्या से मिलकर मुकाबला किया जा सके।
विधायक दविंदरजीत सिंह लाडी ढोस ने कहा कि 26 नवंबर की रैली पंजाब सरकार के साढ़े चार साल के कामों और जनकल्याणकारी नीतियों को समर्पित होगी। सरकार की योजनाओं से किसानों, महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों और अनुसूचित जाति सहित समाज के सभी वर्गों को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि यह रैली पंजाब के लोगों को सरकार के कामकाज से रूबरू कराने का अवसर होगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से एकजुट होकर रैली को सफल बनाने की अपील की।


