ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर की मंत्री रवजोत सिंह से मुलाकात, NRI मुद्दों पर हुई चर्चा
चंडीगढ़, 11 अगस्त: ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर अल्बा समेरिग्लो और ब्रिटिश उच्चायोग की वरिष्ठ सलाहकार मधु मिश्रा ने मंगलवार को पंजाब के NRI मामलों के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह से चंडीगढ़ स्थित पंजाब सिविल सचिवालय-1 में मुलाकात की। इस दौरान ब्रिटेन में बसे पंजाबी समुदाय और पंजाब से जुड़े NRI की विभिन्न समस्याओं एवं मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
बैठक के दौरान डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार विदेशों में बसे पंजाबियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने और उनकी जायज समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रवासी पंजाबी पंजाब की अर्थव्यवस्था और सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं और सरकार उनके साथ बेहतर समन्वय के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मंत्री ने ब्रिटेन में बसे पंजाबियों और उनके परिवारों को फर्जी एवं अनधिकृत ट्रैवल एजेंटों से सावधान रहने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि वीजा, आप्रवासन, विदेश यात्रा या अन्य सेवाओं के संबंध में झूठे दावे करने वाले लोगों के झांसे में आने से बचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि फर्जी ट्रैवल एजेंटों द्वारा की जाने वाली धोखाधड़ी को रोकने के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाना बेहद जरूरी है।
डॉ. रवजोत सिंह ने ब्रिटिश प्रतिनिधिमंडल को बताया कि पंजाब सरकार की ओर से 26 अगस्त को बठिंडा में NRI मिलनी का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान विदेशों में बसे पंजाबियों के साथ सीधे संवाद किया जाएगा और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना जाएगा।
मंत्री ने ब्रिटेन सहित विभिन्न देशों में बसे, विशेष रूप से बठिंडा और आसपास के क्षेत्रों से संबंधित पंजाबियों को इस NRI मिलनी में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम प्रवासी पंजाबियों और पंजाब सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं।
बैठक में ब्रिटेन में बसे पंजाबी समुदाय की चिंताओं, पंजाब से उनके संबंधों और उनके हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने प्रवासी पंजाबी समुदाय से जुड़े मामलों में आपसी संपर्क और सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
News Written By: Priyanka Thakur


