चंडीगढ़, 6 मई | रिपोर्ट: प्रियंका ठाकुर
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में अनाज भंडारण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए शाहबाद और अंबाला के बीच एक विशाल साइलो (वेयरहाउस) बनाने के निर्देश दिए हैं।
हरियाणा सिविल सचिवालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मेहनत से पैदा होने वाले अनाज को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त भंडारण सुविधाएं होना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइलो के निर्माण के लिए रेलवे लाइन और सड़क मार्ग के बीच उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए, ताकि देशभर में आसान कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना के लिए लगभग 100 एकड़ भूमि चिह्नित कर अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए और एक महीने के भीतर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।
इसके अलावा, उन्होंने हिसार में फल और सब्जियों के सुरक्षित भंडारण के लिए एयरपोर्ट के पास बड़े वेयरहाउस या साइलो बनाने की योजना तैयार करने को कहा। उनका मानना है कि इससे मिडिल ईस्ट देशों में निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को बेहतर दाम मिल सकेंगे।
जलापूर्ति व्यवस्था पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने पलवल और नूंह क्षेत्रों में नहरी पानी की आपूर्ति की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन क्षेत्रों में औद्योगिक विकास को देखते हुए पानी की मांग बढ़ेगी, इसलिए अभी से तैयारी जरूरी है।
बैठक में बताया गया कि इन क्षेत्रों में जल आपूर्ति सुधारने के लिए रैनी वेल और बूस्टिंग स्टेशन लगाए जाएंगे, जिस पर करीब 765 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ योजना के तहत बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित की जाए, ताकि वे पूरी तरह विकसित हो सकें।
सरकार का यह कदम राज्य में कृषि और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


