पंजाब में AAP का राज्यव्यापी ‘लोक मिलनी’ अभियान, मंत्रियों और विधायकों ने लोगों से किया सीधा संवाद
रिपोर्ट: प्रियंका ठाकुर | www.24ghantenews.com
पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से आम आदमी पार्टी ने पूरे राज्य में बड़े स्तर पर ‘लोक मिलनी’ अभियान शुरू किया। अभियान के तहत कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और पार्टी नेताओं ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों और गांवों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
चंडीगढ़ में जारी जानकारी के अनुसार, एक ही दिन में फिरोजपुर, फिल्लौर, बठिंडा, निहाल सिंह वाला, फगवाड़ा, नाभा और खन्ना सहित कई विधानसभा क्षेत्रों में हजारों लोगों ने लोक मिलनी कार्यक्रमों में भाग लिया। कार्यक्रमों के दौरान पूरे प्रदेश में “पंजाब का एक ही नारा, भगवंत मान दोबारा” के नारे गूंजते रहे।
कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने खन्ना के गांव मेहंदीपुर में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों से बातचीत करते हुए सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता देकर उनका समाधान कर रही है और अधिकांश चुनावी वादों को पूरा किया जा चुका है।
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने वडाला जोहल, तलवंडी डोगरा, वडाली डोगरा और अड्डा टांगरा में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रमों में लोगों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। ईटीओ ने कहा कि राज्य में पारदर्शी प्रशासन स्थापित हुआ है, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
नाभा से विधायक गुरदेव सिंह देव मान ने गांव वजीदपुर में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में पहली बार किसी सरकार ने अपने चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में व्यापक कार्य किया है। इसी दौरान उन्होंने ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को राशन किट भी वितरित किए। पार्टी के अनुसार, अब तक पूरे पंजाब में 25 लाख से अधिक ‘मेरी रसोई’ राशन किट जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई जा चुकी हैं।
निहाल सिंह वाला से विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर ने वार्ड नंबर 10 में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि सरकार का प्रत्येक निर्णय जनता की भलाई को ध्यान में रखकर लिया जाता है। वहीं फगवाड़ा में सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल सहित अन्य नेताओं ने भी लोगों से संवाद कर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
आम आदमी पार्टी के नेताओं ने कहा कि लोक मिलनी अभियान का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं का प्रचार करना नहीं, बल्कि लोगों से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान सुनिश्चित करना भी है। पार्टी का दावा है कि इस अभियान को पूरे पंजाब में सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है और आने वाले दिनों में इसे और व्यापक स्तर पर जारी रखा जाएगा।


