पंजाब में SIR के तहत 97.44% गणना फॉर्म वितरित, 24 जुलाई तक घर-घर चलाया जाएगा अभियान
चंडीगढ़: पंजाब में चल रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के तहत मतदाता गणना फॉर्म वितरण का कार्य तेजी से जारी है। राज्य की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि 25 जून से 1 जुलाई 2026 के बीच प्रदेश के 97.44 प्रतिशत मतदाताओं तक गणना फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि राज्यभर में नियुक्त 24,453 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित किए जा रहे हैं। पंजाब में कुल 2 करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 मतदाताओं में से 2 करोड़ 9 लाख 12 हजार 619 मतदाताओं तक 1 जुलाई 2026 तक फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं, जो कुल मतदाताओं का 97.44 प्रतिशत है।
उन्होंने कहा कि बीएलओ केवल फॉर्म वितरित ही नहीं कर रहे, बल्कि मतदाताओं को उन्हें सही ढंग से भरने में भी सहायता प्रदान कर रहे हैं ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। इससे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित तरीके से पूरी की जा सकेगी।
अनिंदिता मित्रा ने बताया कि बीएलओ द्वारा भरे हुए गणना फॉर्म वापस एकत्रित करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही प्राप्त फॉर्मों के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया भी आरंभ हो चुकी है, जिससे पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सके।
उन्होंने राज्य के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपना गणना फॉर्म समय पर भरें और बीएलओ को पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि यह अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के लिए चलाया जा रहा है और इसमें प्रत्येक मतदाता की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि 24 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित करने के साथ-साथ भरे हुए फॉर्म भी एकत्रित करेंगे। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि जब बीएलओ उनके घर आएं तो आवश्यक दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध कराकर प्रक्रिया को समय पर पूरा कराने में सहयोग करें।
पंजाब निर्वाचन विभाग का लक्ष्य निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी पात्र मतदाताओं तक पहुंच बनाकर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करना है।
By Priyanka Thakur


