एसआईआर-2026 अभियान शुरू: उपायुक्त कोमल मित्तल ने भरा एन्यूमरेशन फॉर्म, 24 जुलाई तक सभी मतदाताओं से फॉर्म भरने की अपील
By Priyanka Thakur
साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर, 27 जून।
साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर की उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी कोमल मित्तल ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर-2026) अभियान के तहत अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जिले के सभी पात्र मतदाताओं से समय पर यह प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता के लिए एन्यूमरेशन फॉर्म भरना अनिवार्य है और यह अभियान 25 जून से 24 जुलाई 2026 तक चलेगा।
अपना अनुभव साझा करते हुए कोमल मित्तल ने बताया कि वर्ष 2003 में वह मतदाता नहीं थीं, इसलिए उन्होंने अपने निर्वाचन विवरण के सत्यापन के लिए अपने पिता के रिकॉर्ड के साथ जानकारी का मिलान किया। उन्होंने बताया कि एन्यूमरेशन फॉर्म दो प्रतियों में भरा जाता है, जिसमें पहले से दर्ज विवरण का सत्यापन किया जाता है। दोनों प्रतियों पर नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो लगाकर हस्ताक्षर किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि फॉर्म जमा होने के बाद बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एक प्रति पर हस्ताक्षर कर उसे प्राप्ति रसीद के रूप में मतदाता को वापस देता है, जबकि दूसरी प्रति को ईसीआईनेट (ECINet) पोर्टल पर अपलोड कर डिजिटाइज किया जाता है। पूरी प्रक्रिया लगभग पांच मिनट में पूरी हो जाती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई मतदाता घर पर उपलब्ध नहीं है, तो उसकी ओर से परिवार का कोई वयस्क सदस्य अपना संबंध दर्ज करते हुए फॉर्म पर हस्ताक्षर कर सकता है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह सटीक और अद्यतन बनाना है।
उन्होंने बताया कि 3 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 2 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। 3 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक इनका निस्तारण किया जाएगा और भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।
कोमल मित्तल ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे एसआईआर-2026 अभियान से जुड़ी किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें। किसी भी प्रकार की जानकारी या शंका होने पर मतदाता हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क करें।
उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अनुरोध किया कि इस अभियान से संबंधित किसी भी समाचार के प्रकाशन से पहले जिला निर्वाचन कार्यालय से उसकी पुष्टि अवश्य करें, ताकि जनता तक केवल प्रमाणिक और सही जानकारी ही पहुंचे।
इससे पहले उपायुक्त ने निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एसडीएम) के साथ विशेष समीक्षा बैठक कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राप्त सभी एन्यूमरेशन फॉर्म नियमित रूप से ईसीआईनेट (ECINet) पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। साथ ही बूथ लेवल अधिकारियों को घर-घर जाकर प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचने तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों से सहयोग लेकर अभियान को सफल बनाने के निर्देश भी दिए।
रिपोर्ट: Priyanka Thakur


