भट्ठा साहिब (रोपड़), 6 जनवरी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के मौके पर गुरुद्वारा भट्ठा साहिब में माथा टेकने के बाद संगत को बधाई दी और गुरु साहिब के बताए मार्ग पर चलते हुए राज्य की सेवा करने का संकल्प लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी ने हमें जुल्म और अन्याय के खिलाफ खड़ा होना और मानवता की सेवा करने का पाठ पढ़ाया। इस पवित्र दिन पर हमें अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी, लगन और समर्पण के साथ निभाने का संकल्प लेना चाहिए।
भगवंत सिंह मान ने आगे कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन और दर्शन मानवता को एकजुट रहने की प्रेरणा देता है। उनके शांति, प्रेम, मानवता और भाईचारे के संदेश की आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज के हर वर्ग की भलाई सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका और राज्य की शांति, प्रगति और खुशहाली के लिए परमात्मा से अरदास की। साथ ही उन्होंने राज्य में सांप्रदायिक सद्भावना, शांति और भाईचारे की डोर को और मजबूत करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे इस पवित्र दिन को जाति, रंग, नस्ल और धर्म के भेदभाव से ऊपर उठकर श्रद्धा भाव और तनमन से मनाएं।