Homepunjab*गुरुग्राम के शीतला माता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आयुष्मान लाभार्थियों और...

*गुरुग्राम के शीतला माता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आयुष्मान लाभार्थियों और कम आय वाले परिवारों को मिलेगी उपचार में सब्सिडी, किफायती दरों पर होगा इलाज*

*गुरुग्राम के शीतला माता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आयुष्मान लाभार्थियों और कम आय वाले परिवारों को मिलेगी उपचार में सब्सिडी, किफायती दरों पर होगा इलाज*

 

 *मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मेडिकल कॉलेज एवं टीचिंग अस्पताल के संचालन और रखरखाव को लेकर हुई बैठक*

 

*150 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज और 883 बेड के टीचिंग अस्पताल में मरीजों को मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं*

चंडीगढ़, 10 नवंबर- मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के लिए सुलभ और किफायती बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम के सेक्टर-102 स्थित श्री शीतला माता देवी मेडिकल कॉलेज एवं 883 बेड के टीचिंग अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों तथा पांच लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के पात्र मरीजों के लिए उपचार संबंधी विशेष प्रावधान किए गए हैं। इन प्रावधानों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को उपचार में सब्सिडी का लाभ मिलेगा और वे किफायती दरों पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में मंगलवार को चंडीगढ़ में आयोजित बैठक में मेडिकल कॉलेज एवं टीचिंग अस्पताल के संचालन और रखरखाव (Operation and Maintenance) से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री राव नरबीर सिंह तथा सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

बैठक में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों तथा पांच लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के पात्र मरीजों के लिए उपचार में सब्सिडी और अस्पताल में विशेष सुविधाओं से संबंधित प्रावधानों पर निर्देश भी दिए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर इलाज का आर्थिक बोझ कम हो और उन्हें गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में अमृत फार्मेसी खोलने के निर्देश भी दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार के साथ-साथ मरीजों को दवाइयों की उपलब्धता भी सहज और किफायती होनी चाहिए।

बैठक में मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों के दाखिले के लिए सीटों और फीस से संबंधित प्रावधानों पर भी चर्चा की गई । मुख्यमंत्री ने कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सीटों तथा फीस संरचना को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए ।

बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, नगर एवं ग्राम आयोजना तथा शहरी संपदा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल, वित्त विभाग के आयुक्त एवं सचिव श्री सी.जी.रजिनिकांतन , गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पी.सी. मीणा तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के महानिदेशक श्री यश गर्ग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

क्रमांक 2026

सुमित चावला

 

 

 

 

*अरुण कुमार गुप्ता ने एचईआरसी के अध्यक्ष पद की शपथ ली*

 

*ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने हरियाणा निवास पर दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ*

 

चंडीगढ़, 10 नवंबर। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री अरुण कुमार गुप्ता ने आज हरियाणा निवास में आयोजित समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने उन्हें अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर श्री गुप्ता ने आयोग के अध्यक्ष के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

श्री अरुण कुमार गुप्ता 1992 बैच के हरियाणा कैडर के आईएएस रहे हैं जो बीते माह ही सेवानिवृत्त हुए हैं। वे हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव व वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। उन्हें एचईआरसी के सचिव तथा ऊर्जा निगमों के एमडी के रूप में सेवाएं देने के चलते ऊर्जा विभाग की कार्यप्रणाली का व्यापक अनुभव है।

हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग प्रदेश के विद्युत क्षेत्र में पारदर्शिता, दक्षता और उपभोक्ता हितों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। आयोग विद्युत दरों के निर्धारण, बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार, उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा तथा नवीकरणीय ऊर्जा को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आयोग का उद्देश्य विद्युत क्षेत्र में संतुलित विकास को बढ़ावा देते हुए उपभोक्ताओं को विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी नियामक व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर राजपाल, श्री एके सिंह, डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, ऊर्जा विभाग की आयुक्त एवं सचिव श्रीमती आशिमा बराड़, श्री सीजी रजनीकांथन, एचवीपीएनएल के प्रबंध निदेशक एवं सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया तथा ऊर्जा विभाग के विशेष सचिव श्री विक्रम सहित अन्य अधिकारीगण व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

क्रमांक -2026

 

 

 

 

*राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले को दिया जाए भव्य एवं दिव्य स्वरूप, श्रद्धालुओं की सुविधाओं में न रहे कोई कमी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

 

*यमुनानगर के बिलासपुर में 20 से 24 नवम्बर तक आयोजित होगा पांच दिवसीय राज्य स्तरीय कपालमोचन मेला*

 

*लगभग 122 एकड़ क्षेत्र में आयोजित होने वाले मेले में दिखेगा आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का अनूठा संगम*

 

*गुरु नानक देव जी के जीवन पर आधारित ड्रोन शो तथा लाइट एंड साउंड शो होंगे विशेष आकर्षण*

 

*मेले में सिखों के दस गुरुओं के गौरवशाली इतिहास और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी*

 

*मुख्यमंत्री ने उच्चस्तरीय बैठक में की तैयारियों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए व्यापक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश*

चण्डीगढ़, 10 नवम्बर। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यमुनानगर जिले के बिलासपुर में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले को भव्य, दिव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाए। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण के साथ-साथ बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक मेला प्रदेश की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। इसकी गरिमा और ऐतिहासिक महत्व के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में लगभग 122 एकड़ क्षेत्र में 20 से 24 नवम्बर तक आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और सुगम आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल यादव, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री बी.बी. भारती, सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, यमुनानगर की उपायुक्त श्रीमती प्रीति, विभाग के अतिरिक्त निदेशक श्री विवेक कालिया तथा यमुनानगर के अतिरिक्त उपायुक्त श्री नवीन आहूजा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

*मेले में दिखेगी सिख गुरुओं की गौरवशाली विरासत, जनकल्याणकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी:*

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कपालमोचन मेले में एक भव्य एवं आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाए, जिसमें सिखों के सभी दस गुरुओं के गौरवशाली इतिहास, उनके जीवन दर्शन, शिक्षाओं और समाज के प्रति योगदान को सचित्र रूप में प्रदर्शित किया जाए। इसके साथ ही केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 की स्मृति में अम्बाला में निर्मित शहीदी स्मारक की ऐतिहासिक महत्ता को भी प्रमुखता से दर्शाया जाए, ताकि श्रद्धालु देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और संघर्ष से परिचित हो सकें। इसके अतिरिक्त एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लघु फिल्मों का प्रदर्शन कर प्रदेश की विकास यात्रा तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार के विशिष्ट अतिथि भी इस प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। उन्होंने बताया कि संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के तहत 24 नवम्बर को सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की राज्य स्तरीय जयंती भी बिलासपुर में मनाई जाएगी।

*गुरु नानक देव जी के जीवन पर आधारित ड्रोन शो और लाइट एंड साउंड शो होंगे विशेष आकर्षण:*

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को एक यादगार आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं। इस अवसर पर श्री गुरु नानक देव जी के जीवन, शिक्षाओं और मानवता के प्रति उनके संदेश पर आधारित भव्य ड्रोन शो तथा लाइट एंड साउंड शो आयोजित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि मेले के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर आकर्षक एवं भव्य तोरणद्वार बनाए जाएं। इन स्वागत द्वारों का नामकरण श्री गुरु नानक देव जी, बाबा बंदा सिंह बहादुर सहित अन्य महान संतों एवं महापुरुषों के नाम पर किया जाए। स्वागत द्वारों और मेला परिसर में गुरबाणी के पवित्र स्वर गूंजते रहें, ताकि श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण की अनुभूति हो।

*श्रद्धालुओं के लिए भंडारे, ठहरने, स्वच्छ पेयजल और शौचालयों की हों पर्याप्त व्यवस्थाएं:*

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। श्रद्धालुओं के लिए भंडारे, ठहरने के उचित स्थान, स्वच्छ पेयजल तथा महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि मेला परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान रखे जाएं। सफाई व्यवस्था ऐसी हो कि पूरे मेला परिसर में कहीं भी कूड़ा-कचरा दिखाई न दे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्वदेशी उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए भी विशेष व्यवस्था की जाए। इससे श्रद्धालुओं को स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों से परिचित होने का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई जाएं, ताकि श्रद्धालु मेले के प्रमुख कार्यक्रमों का आनंद उठा सकें।

*कपालमोचन मेले का विशेष धार्मिक एवं पौराणिक महत्व, कई राज्यों से पहुंचते हैं लाखों श्रद्धालु:*

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा और श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित होने वाला ऐतिहासिक कपालमोचन मेला श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केन्द्र है। इस मेले में हर वर्ष हरियाणा के अलावा पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।

उन्होंने कहा कि कपालमोचन तीर्थ का विशेष पौराणिक महत्व है। यहां स्थित श्री कपालमोचन, श्री ऋणमोचन और श्री सूरजकुंड सरोवर श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के केन्द्र हैं। श्रद्धालु इन पवित्र सरोवरों में आस्था की डुबकी लगाते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सरोवरों की आवश्यक मरम्मत एवं साफ-सफाई करवाई जाए तथा स्नान के लिए स्वच्छ जल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

*मेले की ओर जाने वाली सड़कों की हो मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी:*

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले की ओर जाने वाली सभी सड़कों की आवश्यक मरम्मत समय रहते पूरी करवाई जाए। सभी प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा के दृष्टिगत महत्वपूर्ण स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाए।ं उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी बेहतर आवागमन एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। मेला परिसर के प्रत्येक सेक्टर में वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था हो तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी प्रबंध किए जाएं।

मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक संग्रहालय के रखरखाव एवं आवश्यक मरम्मत के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मेले से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था को समय रहते अंतिम रूप दें। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले की ऐतिहासिक गरिमा, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक महत्व को ध्यान में रखते हुए आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाया जाए, ताकि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालु सुखद अनुभव लेकर लौटें।

क्रमांक -2026

 

*झींगा पालकों के लिए प्रदेश सरकार ने सोलर सिस्टम सब्सिडी की सीमा बढ़ाई : श्री श्याम सिंह राणा*

 

*- सफेद झींगा पालकों को 60 प्रतिशत की भारी सब्सिडी मिलेगी*

 

*- झींगा का पालन किसानों की किस्मत बदलने वाला हो रहा है साबित*

 

चंडीगढ़, 10 नवंबर – हरियाणा सरकार ने प्रदेश में मत्स्य पालन और झींगा पालन  को बढ़ावा देने तथा किसानों की आय में बढ़ोतरी के उद्देश्य से एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण तथा मत्स्य पालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि झींगा पालकों की उत्पादन लागत को कम करने और उन्हें आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए सोलर सिस्टम पर मिलने वाली सब्सिडी की सीमा में व्यापक बढ़ोतरी की गई है। झींगा पालन के दौरान बिजली और जनरेटर पर होने वाले भारी खर्च को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने सोलर सिस्टम सब्सिडी की सीमा को पहले के 10 किलोवाट से बढ़ाकर अब 30 किलोवाट तक कर दिया है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य की योजना “गहन मत्स्य विकास कार्यक्रम” के तहत सफेद झींगा पालन के लिए 50,000 रुपये प्रति किलोवाट अथवा 30 किलोवाट के लिए 15,00,000 रुपये की कुल परियोजना लागत निर्धारित की गई है, जिस पर मत्स्य पालकों को 60 प्रतिशत की भारी सब्सिडी प्रदान की जाएगी। इस पहल से झींगा पालकों का मासिक बिजली बिल काफी हद तक घट जाएगा, जिससे उनकी उत्पादन लागत कम होगी और शुद्ध मुनाफ़ा सीधे तौर पर बढ़ सकेगा।

श्री राणा ने बताया कि इसके साथ ही राज्य में आधुनिक तकनीकों से मछली और झींगा पालन को प्रोत्साहन देने के लिए विश्वस्तरीय अवसंरचना का विकास किया जा रहा है, जिसके तहत सिरसा और भिवानी जिलों में एक-एक एकीकृत एक्वा पार्क (उत्कृष्टता केंद्र) स्थापित किया जा रहा है। भिवानी में स्थापित हो रहे उत्कृष्टता केंद्र का सिविल निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो चुका है और इसके जून 2028 तक पूरी तरह तैयार होने की संभावना है।

वहीं दूसरी ओर, सिरसा जिले के गांव पोहरका में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी “प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना” के अंतर्गत एकीकृत एक्वा पार्क स्थापित करने की प्रक्रिया भी आधिकारिक तौर पर शुरू कर दी गई है। इन एक्वा पार्कों के माध्यम से स्थानीय किसानों और मत्स्य पालकों को आधुनिक झींगा और मछली पालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण, उन्नत किस्म के बीज तथा वैज्ञानिक मार्गदर्शन एक ही छत के नीचे आसानी से मिल सकेगा।

मत्स्य पालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने स्पष्ट किया कि हरियाणा सरकार मत्स्य पालकों और किसानों के व्यापक हित में लगातार ठोस कदम उठा रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि किसान केवल पारंपरिक गेहूं-धान की खेती पर ही निर्भर न रहें, बल्कि मत्स्य पालन और झींगा पालन जैसे उच्च-आय और रोज़गारपरक क्षेत्रों में भी अपनी भागीदारी बढ़ाएं। विशेष रूप से राज्य के उन इलाकों में जहाँ भूमि या पानी में खारापन (लवणता) अधिक है, वहाँ सफेद झींगा का पालन किसानों की किस्मत बदलने वाला साबित हो रहा है।

श्री राणा ने कहा कि राज्य सरकार की इन नीतियों का अंतिम ध्येय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देना और युवाओं को कृषि-संबद्ध क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनाना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments