CM भगवंत मान ने पंजाब को दी बड़ी सौगात, 500 आधुनिक गांव जिम किए समर्पित, नशों के खिलाफ खेल संस्कृति को मिलेगा बढ़ावा
फरीदकोट | प्रियंका ठाकुर | 24 घंटे न्यूज़
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को राज्यभर में 500 आधुनिक गांव जिम जनता को समर्पित कर नशा मुक्त और स्वस्थ पंजाब की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया। फरीदकोट के चंद बाजा गांव से इस पहल की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर कर खेलों और फिटनेस की ओर प्रेरित करना है। यह पहल राज्य सरकार के ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान का अहम हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के इतिहास में पहली बार खेलों के लिए 1,791 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट रखा गया है। इस राशि से पूरे राज्य में 3,000 आधुनिक गांव जिम और 3,100 खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इनमें से 250 खेल मैदान पहले ही लोगों को समर्पित किए जा चुके हैं, जबकि बाकी परियोजनाओं पर तेजी से काम जारी है।
भगवंत मान ने कहा कि ये जिम केवल व्यायाम करने की जगह नहीं हैं, बल्कि पंजाब के युवाओं के बेहतर भविष्य और स्वस्थ जीवन की मजबूत नींव हैं। उनका मानना है कि खेल संस्कृति को बढ़ावा देकर युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने गांवों के विकास से जुड़ी एक अन्य महत्वपूर्ण योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पंजाब के गांवों में तालाबों के पुनर्जीवन का व्यापक अभियान शुरू किया है। इन तालाबों की सफाई के बाद उपचारित पानी का उपयोग कृषि कार्यों में किया जाएगा, जिससे भूजल पर निर्भरता कम होगी और जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
महिलाओं के लिए सरकार की नई योजना की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 जुलाई से 18 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिलाओं को उनके मोबाइल फोन पर आर्थिक सहायता की सूचना मिलनी शुरू हो जाएगी। सामान्य वर्ग की महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये सीधे बैंक खाते में भेजे जाएंगे। सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाएं भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगी। सरकार ने इस योजना के लिए 9,300 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है और अनुमान है कि पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाएं इससे लाभान्वित होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है ताकि राज्य को फिर से खुशहाल, स्वस्थ और रंगला पंजाब बनाया जा सके।
News By: प्रियंका ठाकुर


