HomeपंजाबCM भगवंत मान ने अमृतसर को दी बड़ी सौगात, नया सुल्तानविंड फ्लाईओवर...

CM भगवंत मान ने अमृतसर को दी बड़ी सौगात, नया सुल्तानविंड फ्लाईओवर जनता को समर्पित

CM भगवंत मान ने अमृतसर को दी बड़ी सौगात, नया सुल्तानविंड फ्लाईओवर जनता को समर्पित

अमृतसर | प्रियंका ठाकुर | 24 घंटे न्यूज़

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को अमृतसर के लोगों को बड़ी सौगात देते हुए सुल्तानविंड बाईपास और सुल्तानविंड लिंक रोड के जंक्शन पर बने नए फ्लाईओवर को जनता को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना लंबे समय से चली आ रही ट्रैफिक समस्या को दूर करेगी और प्रतिदिन पवित्र नगरी में आने वाले दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं की यात्रा को पहले से अधिक सुगम बनाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के लिए सरकार ने 34.20 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी थी, लेकिन पारदर्शी प्रक्रिया और बेहतर प्रबंधन के कारण इसे केवल 22.68 करोड़ रुपये में पूरा कर लिया गया। इससे सरकारी खजाने के 11.52 करोड़ रुपये की बचत हुई। उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर की कुल लंबाई पहुंच मार्गों सहित 985 मीटर है, जबकि मुख्य फ्लाईओवर 725 मीटर लंबा और 14 मीटर चौड़ा है। स्थानीय यातायात की सुविधा के लिए दोनों ओर सर्विस रोड भी बनाई गई हैं।

भगवंत मान ने कहा कि परियोजना को पर्यावरण के अनुकूल तैयार किया गया है। इसमें वर्षा जल निकासी के लिए आधुनिक आरसीसी नालियों के साथ रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार करदाताओं के पैसे की बचत के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग कर रही है और 43 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों के निर्माण के साथ उनके पांच वर्षों के रखरखाव की जिम्मेदारी भी ठेकेदारों को दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और किसानों को पहली बार दिन के समय निर्बाध बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकार ने अब तक 68 हजार से अधिक युवाओं को बिना किसी भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां दी हैं, जबकि नहरों से सिंचाई का दायरा 22 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है।

उन्होंने घोषणा की कि 15 जुलाई तक राज्यभर में 3,100 नए स्टेडियम, 3,000 जिम और 400 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित कर दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देकर युवाओं को नशे से दूर रखने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा सरकार के विकास कार्यों का मुकाबला नहीं कर पा रहे हैं। इसी कारण वे फर्जी वीडियो वायरल कर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ईमानदारी, पारदर्शिता और विकास के एजेंडे पर काम कर रही है तथा जनता के टैक्स का हर रुपया लोगों की भलाई पर खर्च किया जा रहा है।

News By: प्रियंका ठाकुर

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments