CM भगवंत मान का बड़ा ऐलान, कादियां हलका जल्द बनेगा सब-डिवीजन; किसानों के बकाया भुगतान का भी दिया भरोसा
गुरदासपुर | प्रियंका ठाकुर | 24 घंटे न्यूज़
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को गुरदासपुर के कादियां विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक विशेष जनसभा के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि कादियां हलके को जल्द ही सब-डिवीजन का दर्जा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित इस मांग को पूरा किया जा रहा है ताकि लोगों को सभी सरकारी सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकें। इसके लिए आधुनिक सब-डिवीजनल कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा, जहां एसडीएम, डीएसपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यालय एक ही भवन में होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे लोगों को सरकारी कामकाज के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने यह भी घोषणा की कि किरी शुगर मिल से जुड़े किसानों का लंबित गन्ना भुगतान जल्द जारी किया जाएगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने विपक्षी दलों, विशेषकर अकाली दल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्षों तक लोगों को डराकर वोट हासिल किए गए और पंजाब को लूटा गया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पंजाब के लोग एकजुट होकर ऐसे नेताओं को सबक सिखाएं और 2027 के विधानसभा चुनाव में झाड़ू का बटन इतनी मजबूती से दबाएं कि राज्य को दोबारा भ्रष्ट राजनीति का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता के टैक्स के पैसे का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों में कर रही है। उन्होंने बताया कि आज पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक घरों में मुफ्त बिजली मिल रही है और किसानों को पहली बार दिन के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति दी जा रही है। साथ ही 47 लाख परिवारों को 10 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि अब तक 68 हजार से अधिक युवाओं को बिना किसी भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। राज्य में 43 हजार किलोमीटर से अधिक लिंक सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि नहरों से सिंचाई का दायरा 22 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है। गांवों के विकास, खेलों को बढ़ावा देने और नशे के खिलाफ अभियान के तहत 15 जुलाई तक 3,100 नए स्टेडियम लोगों को समर्पित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गांवों के तालाबों के पुनर्जीवन और कृषि के लिए जल संरक्षण पर भी तेजी से काम कर रही है।
News By: प्रियंका ठाकुर


