चंडीगढ़, 23 मई:
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शुतराना से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह के विवादित बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वड़िंग ने आरोप लगाया कि विधायक द्वारा स्थानीय निकाय चुनावों में पोलिंग बूथ को अंदर से बंद करने की बात कहना लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया पर सीधा हमला है।
राजा वड़िंग ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि खुले मंच से बूथ कब्जाने जैसी बात कर रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना सरकार और चुनाव आयोग दोनों की जिम्मेदारी है, लेकिन ऐसे बयान यह दर्शाते हैं कि सत्ता का दुरुपयोग कर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह बयान भगवंत मान सरकार की कार्यशैली और राजनीतिक सोच को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में अब “साम, दाम, दंड, भेद” की राजनीति को संस्थागत रूप दिया जा रहा है। वड़िंग ने कहा कि पंजाब के लोगों ने बदलाव और साफ-सुथरी राजनीति के वादे पर आम आदमी पार्टी को समर्थन दिया था, लेकिन अब वही लोग राजनीतिक दबंगई और चुनावी हेरफेर का माहौल देख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली मॉडल की राजनीति को पंजाब में लागू करने की कोशिश की जा रही है, जहां सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल कर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया जाता है। वड़िंग ने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री भगवंत मान इस मामले पर अपनी चुप्पी बनाए रखेंगे या फिर लोकतंत्र की रक्षा के लिए स्पष्ट रुख अपनाएंगे।
राजा वड़िंग ने कहा कि मुख्यमंत्री की चुप्पी संदेह को और मजबूत करेगी। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि मामले का तुरंत संज्ञान लिया जाए और संबंधित बयान की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए हमेशा मजबूती से खड़ी रहेगी और किसी भी प्रकार की चुनावी धांधली या बूथ कब्जाने की मानसिकता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
News By: Priyanka Thakur


